जनकपुर से 51 तिलकहारुओं को लेकर अयोध्या पहुंची विशेष ट्रेन, श्रीराम के तिलकोत्सव में होंगे शामिल
भारत-नेपाल के सदियों पुराने धार्मिक रिश्तों की दिखी झलक, कमला सरयू एक्सप्रेस से पहुंचे नेपाली श्रद्धालुओं का अयोध्या स्टेशन पर फूल बरसाकर हुआ स्वागत
अयोध्या। श्रीराम विवाह महोत्सव के अवसर पर अयोध्या और नेपाल के जनकपुर के बीच सदियों पुराने धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों की खूबसूरत झलक देखने को मिली। नेपाल के जनकपुर से 51 सदस्यीय तिलकहरू दल विशेष रेल सेवा सरयू-कमला एक्सप्रेस से अयोध्या पहुंचा। रविवार सुबह ट्रेन के अयोध्या रेलवे स्टेशन पहुंचने पर नेपाली श्रद्धालुओं का फूल बरसाकर भव्य स्वागत किया गया।
इस दल का नेतृत्व नेपाल के मधेश प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष रामाशीष यादव कर रहे हैं। दल में जनकपुर के महापौर मनोज शाह और जानकी मंदिर के महंत राम तपेश्वर दास वैष्णव सहित कई गणमान्य लोग शामिल हैं। इस यात्रा में महिलाएं भी शामिल हैं, जो माता सीता की सखियों के रूप में विवाहोत्सव की परंपराओं में हिस्सा ले रही हैं।
ट्रेन में ही निभाई गईं राम विवाह की परंपराएं
जनकपुर से अयोध्या तक की यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। ट्रेन में ही भगवान श्रीराम को तिलक लगाने की रस्म निभाई गई और राम विवाह से जुड़ी परंपराओं का आयोजन किया गया। अयोध्या पहुंचने पर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। उनके लिए यह यात्रा केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने का माध्यम नहीं, बल्कि अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर भी रही।
रामलला को तिलक और पारंपरिक उपहार करेंगे भेंट
जनकपुर से आए तिलकहरू अयोध्या में भगवान श्रीराम के तिलकोत्सव में शामिल होंगे। परंपरा के अनुसार, माता सीता के मायके पक्ष की ओर से भगवान श्रीराम को तिलक लगाया जाएगा और भार यानी नेग के रूप में पारंपरिक उपहार अर्पित किए जाएंगे।
इन उपहारों में सोने-चांदी के आभूषण, फल, मेवा, मिठाई और वस्त्र शामिल हैं। इस आयोजन के जरिए राम-जानकी विवाह की पारंपरिक रस्मों को उसी आत्मीयता के साथ निभाने का प्रयास किया जा रहा है, जो जनकपुर और अयोध्या के संबंधों की पहचान रही है।
जनकपुर और अयोध्या का सदियों पुराना रिश्ता
जनकपुर धाम और अयोध्या का संबंध भगवान श्रीराम और माता जानकी के विवाह से जुड़ा हुआ है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जनकपुर माता सीता की जन्मस्थली है, जबकि अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है। इसी पारिवारिक संबंध को आधार बनाकर जनकपुर के लोग राम विवाह महोत्सव के दौरान अयोध्या पहुंचते हैं और तिलक की रस्म निभाते हैं।
नेपाल के निवासी संतोष कुमार रावत ने भी इस यात्रा को यादगार बताया। उनके मुताबिक, भारत और नेपाल के रिश्ते केवल दो देशों के आपसी संबंध नहीं हैं, बल्कि इनकी जड़ें साझा संस्कृति, आस्था और परंपराओं में गहराई से जुड़ी हैं।
अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा से धार्मिक यात्रा को मिलेगा बढ़ावा
अयोध्या और जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस की शुरुआत को दोनों देशों के धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। यह रेल सेवा करीब 604 किलोमीटर की दूरी लगभग 19 घंटे में तय करती है। इससे दोनों धार्मिक नगरों के बीच श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान होने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
रविवार दोपहर 3 बजे होगा भगवान श्रीराम का तिलकोत्सव
श्रीराम विवाह महोत्सव के तहत रविवार दोपहर करीब 3 बजे अयोध्या धाम में भगवान श्रीराम का तिलकोत्सव संपन्न होगा। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ तिलक की रस्म निभाई जाएगी।
जनकपुर से 51 तिलकहारुओं का विशेष ट्रेन से अयोध्या पहुंचना इस आयोजन को और खास बना रहा है। यह समारोह भारत और नेपाल के बीच सदियों से चले आ रहे धार्मिक, पारिवारिक और सांस्कृतिक रिश्तों की जीवंत मिसाल है।

