सहारनपुर: थाने में पुलिस के सामने कारोबारी को गोली मारने की धमकी, वीडियो वायरल
सहारनपुर के सदर बाजार थाने में एक कारोबारी को कथित तौर पर गोली मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। थाना प्रभारी निरीक्षक नेमचंद के कार्यालय में दोनों पक्षों के बीच समझौते की बातचीत चल रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति द्वारा कारोबारी को धमकाने का वीडियो सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद थाने के अंदर पुलिस की मौजूदगी में हुई इस घटना को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
मामला हसनपुर चुंगी के पास स्थित महादेव कॉलोनी का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले अमन यादव की कृष्णा एंटरप्राइजेज के नाम से प्लाईवुड की दुकान है। आरोप है कि कुछ दिनों पहले कारोबारी और दूसरे पक्ष के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष सदर बाजार थाने पहुंचे थे, जहां समझौते की बातचीत की जा रही थी।
इसी दौरान आरोपी पक्ष की ओर से राहुल नाम का व्यक्ति थाने पहुंचा था। आरोप है कि बातचीत के समय राहुल अचानक भड़क गया और अमन यादव के साथ गाली-गलौच करने लगा। उसने पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में खुलेआम गोली मारने की धमकी देते हुए कहा कि वह गोली मारकर जेल चला जाएगा। इस दौरान उसने कारोबारी के साथ अभद्र व्यवहार भी किया। पूरी घटना का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दुकान पर नकाबपोश युवकों के हमले का भी आरोप
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत दुकान पर हुए एक हमले से हुई थी। आरोप है कि कुछ दिन पहले पांच से छह नकाबपोश युवक अमन यादव की प्लाईवुड दुकान पर पहुंचे थे। वहां उन्होंने लाठी-डंडों से हमला किया और हंगामा किया। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था। इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच समझौते की बातचीत चल रही थी।
थाना प्रभारी ने जांच और कार्रवाई की बात कही
थाने के अंदर पुलिस अधिकारियों के सामने कथित तौर पर दी गई धमकी का वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। इससे पुलिस की मौजूदगी में हुई घटना और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक नेमचंद के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो और गाली-गलौच के मामले की जांच की जा रही है। वहीं, धमकी देने वाले व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की बात भी कही गई है।
थाने में हुई इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर चर्चा तेज हो गई है। अब मामले में जांच और पुलिस कार्रवाई पर नजर रहेगी।

