सोनिया गांधी का नाम 1980 की वोटर लिस्ट में कैसे आया? नागरिकता से जुड़े मामले में दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में दी रिपोर्ट
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के नाम को लेकर मतदाता सूची में कथित अनियमितता का मामला दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पहुंच गया है। इस मामले में दाखिल रिवीजन पिटीशन पर सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने अपनी रिपोर्ट पेश की है। पुलिस ने बताया कि मामले से जुड़े तथ्यों की पुष्टि जिला मजिस्ट्रेट (DM) और केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) से की गई है।
याचिका में सवाल उठाया गया है कि जब सोनिया गांधी को भारतीय नागरिकता 1983 में मिली थी, तो उनका नाम 1980 की मतदाता सूची में किस आधार पर शामिल किया गया था। याचिकाकर्ता ने इसी आधार पर कथित जालसाजी और दस्तावेजों से जुड़ी अनियमितताओं की जांच की मांग की है।
1980 की वोटर लिस्ट में नाम, 1982 में हटाया गया
पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, नई दिल्ली जिले के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) ने 25 नवंबर को भेजे पत्र में सोनिया गांधी का नाम 1980 और 1983 की मतदाता सूचियों में होने की पुष्टि की। रिपोर्ट में बताया गया कि उनका नाम 1982 में मतदाता सूची से हटा दिया गया था और बाद में 1983 में फिर शामिल किया गया।
पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्रालय के विदेशी प्रभाग से भी जानकारी मांगी थी। मंत्रालय की ओर से उपलब्ध कराए गए प्रमाणपत्र के मुताबिक, सोनिया गांधी को 30 अप्रैल 1983 को भारतीय नागरिकता दी गई थी।
मतदाता सूची में नाम शामिल करने के दस्तावेज नहीं मिले
जांच में एक महत्वपूर्ण पहलू यह सामने आया कि पुलिस को वर्ष 1980 और 1983 में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से संबंधित फॉर्म-6 और अन्य दस्तावेज अभी उपलब्ध नहीं हुए हैं। पुलिस इन रिकॉर्ड को तलाशने की कोशिश कर रही है।
इसके अलावा, दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से यह जानकारी भी मांगी गई है कि संबंधित अवधि में सोनिया गांधी ने कोई वोट डाला था या नहीं। इस संबंध में जवाब का इंतजार किया जा रहा है।
याचिकाकर्ता ने क्या सवाल उठाए?
यह शिकायत अधिवक्ता विकास त्रिपाठी की ओर से दाखिल की गई है। इसमें आरोप लगाया गया है कि सोनिया गांधी का नाम 1980 की मतदाता सूची में शामिल किया गया, जबकि उन्हें भारतीय नागरिकता 1983 में मिली थी।
शिकायतकर्ता ने इस आधार पर धोखाधड़ी और जालसाजी की आशंका जताते हुए पुलिस जांच और FIR दर्ज करने की मांग की है। उनका मुख्य सवाल है कि नागरिकता मिलने से पहले मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए किस दस्तावेज का इस्तेमाल किया गया था।
सोनिया गांधी की ओर से आरोपों का विरोध
सोनिया गांधी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता आरएस चीमा ने शिकायत का विरोध किया है। उनकी तरफ से दलील दी गई कि यह शिकायत राजनीतिक रूप से प्रेरित है और कानूनी प्रक्रिया का दुरुपयोग करने की कोशिश है।
उनके वकील का कहना है कि शिकायतकर्ता ने कथित जालसाजी या रिकॉर्ड में हेरफेर साबित करने के लिए कोई ठोस दस्तावेज पेश नहीं किया है। बचाव पक्ष ने यह भी तर्क दिया कि नागरिकता और मतदाता सूची तैयार करने से जुड़े विषय अलग-अलग वैधानिक संस्थाओं के अधिकार क्षेत्र में आते हैं।
14 दिसंबर को फिर होगी सुनवाई
राउज एवेन्यू कोर्ट ने पुलिस को मामले की जांच पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय दिया है। अदालत ने जांच अधिकारी को अगली सुनवाई तक यह स्पष्ट करने का निर्देश दिया है कि मामले में कोई संज्ञेय अपराध बनता है या नहीं। पुलिस को FIR दर्ज होने की स्थिति और जांच की प्रगति की जानकारी भी देनी होगी।
अब इस मामले की अगली सुनवाई 14 दिसंबर को होगी। तब पुलिस की विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

