News Bhadas 4 India
TrendingPujas

उत्तराखंड धार्मिक पर्यटन को नया विस्तार, सीएम धामी ने कहा- विकास के साथ विरासत संरक्षण जरूरी

विकास के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित कर रहा उत्तराखंड: सीएम धामी

आदर्श चम्पावत में विकास योजनाओं से बदल रही तस्वीर, धार्मिक पर्यटन को मिल रहा नया विस्तार

टनकपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से है। सरकार का प्रयास है कि विकास के साथ प्रदेश की विरासत का संरक्षण किया जाए और राज्य की आध्यात्मिक पहचान को आधुनिक सुविधाओं के साथ नई ऊंचाई दी जाए। उन्होंने कहा कि ‘आदर्श चम्पावत’ के संकल्प के तहत जनपद की धार्मिक आस्था, प्राकृतिक सुंदरता, लोक संस्कृति और पर्यटन संभावनाओं को आधुनिक विकास से जोड़कर एक प्रभावी विकास मॉडल तैयार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री शनिवार को टनकपुर में नवयुवक रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित दशहरा महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण भी किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन अपने आप में एक दिव्य अवसर है। जहां श्रद्धा और आस्था के साथ भागवत कथा का आयोजन होता है, वहां भगवान की कृपा बनी रहती है। मां पूर्णागिरि और मां शारदा की पावन धरती पर ऐसे धार्मिक आयोजनों का महत्व और भी बढ़ जाता है।

उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कारों और परंपराओं से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना भी की।

विकास के साथ विरासत संरक्षण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। उत्तराखंड भी विकसित भारत के संकल्प में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रहा है। राज्य में विकास के साथ धार्मिक स्थलों, मंदिरों, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ‘आदर्श चम्पावत’ का संकल्प केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि चम्पावत की पहचान और संभावनाओं को नई ऊंचाई देने का प्रयास है। टनकपुर में करीब 237.74 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन आईएसबीटी, शारदा घाट का पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण, गोल्ज्यू कॉरिडोर, मां पूर्णागिरि क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार और विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण जैसे कार्य जनपद के विकास को नई गति देंगे।

मां पूर्णागिरि धाम में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि मां पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ककराली गेट से धाम की ओर करीब 8.10 करोड़ रुपये की लागत से प्रकाश व्यवस्था विकसित की जा रही है। सरकार का प्रयास है कि मां पूर्णागिरि धाम समेत चम्पावत के अन्य धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही चम्पावत में सड़क, परिवहन, पर्यटन, खेल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। इन प्रयासों से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

खिलाड़ियों से किया संवाद

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने स्पोर्ट्स हॉस्टल टनकपुर के खिलाड़ियों से संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने कैंप कार्यालय में आयोजित ‘मुख्य सेवक संवाद’ कार्यक्रम में भी प्रतिभाग किया और आमजन से सीधे संवाद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। चम्पावत की प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और पर्यटन क्षमता को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ते हुए ऐसा विकास सुनिश्चित किया जा रहा है, जिसमें विकास की गति के साथ विरासत की गरिमा भी बनी रहे।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामन्त, दायित्वधारी मनोज कालाकोटी, दायित्वधारी हेमा जोशी, दायित्वधारी किरन देवी, विधायक प्रतिनिधि चम्पावत प्रकाश तिवारी, जिला अध्यक्ष महिला युवा मोर्चा दीपा जोशी, नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, प्रदेश मंत्री भाजपा निर्मल माहरा, अध्यक्ष नगर मंडल चम्पावत सुनील पुनेठा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related posts

Russia Attacks Ukraine Energy Infrastructure: Zelensky Reports Major Strikes

bhadas4india

Ayodhya Ram Mandir VIP Pass Quota Increased to 3500 Daily

bhadas4india

Kapil Sibal Regime Change Remark: Hits Back at Rajnath Singh

bhadas4india

Leave a Comment