चारधाम परियोजना के भूमि अधिग्रहण के लंबित मामले 15 दिन में निपटाएं: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन
देहरादून: उत्तराखंड में चारधाम परियोजना सहित विभिन्न महत्वपूर्ण सड़क और रेल परियोजनाओं को गति देने के लिए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण से जुड़े लंबित मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चारधाम परियोजना के अंतर्गत भूमि अधिग्रहण के जो प्रकरण अभी लंबित हैं, उनका निस्तारण अगले 15 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाए, ताकि निर्माण कार्यों में किसी तरह की बाधा न आए।
सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने भूमि अधिग्रहण, मुआवजा वितरण और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
देहरादून-ऋषिकेश बाईपास का काम एक महीने में पूरा करने के निर्देश
मुख्य सचिव ने देहरादून-ऋषिकेश बाईपास परियोजना की समीक्षा करते हुए भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण की पूरी प्रक्रिया एक महीने के भीतर संपन्न करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस कार्य में अनावश्यक देरी न हो और संबंधित भूमि स्वामियों को समय पर मुआवजे की धनराशि उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने बताया कि लगभग 825 किलोमीटर लंबे चारधाम यात्रा मार्ग पर अलग-अलग पैकेजों के तहत निर्माण कार्य संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कार्यों की गति के साथ उनकी गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता जताई।
उत्तरकाशी में तत्काल उपलब्ध कराया जाए भूमि का कब्जा
चारधाम परियोजना के अंतर्गत कुछ भूमि अधिग्रहण प्रकरण लंबित होने पर मुख्य सचिव ने चिंता जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे सभी मामलों का अगले 15 दिनों में निस्तारण किया जाए। साथ ही, अधिग्रहित भूमि के स्वामियों को मुआवजे का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित न हों।
मुख्य सचिव ने उत्तरकाशी में संबंधित भूमि का कब्जा भी तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि कार्यदायी संस्था और ठेकेदार बिना देरी के निर्माण कार्य शुरू कर सकें।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर लंबित मामलों का समाधान करने को कहा। टीम को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक कार्रवाई पूरी कर निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए गए।
रुद्रप्रयाग में चार किलोमीटर क्षेत्र का भूमि अधिग्रहण जल्द पूरा हो
मुख्य सचिव ने रुद्रप्रयाग जिले में चारधाम यात्रा मार्ग के विभिन्न शहरी क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर लगभग चार किलोमीटर भूभाग से संबंधित भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण की प्रक्रिया भी तत्काल पूरी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भूमि अधिग्रहण और मुआवजे से जुड़े मामलों के कारण परियोजना का काम नहीं रुकना चाहिए।
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की भी हुई समीक्षा
बैठक में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने रुद्रप्रयाग जिले के नरकोटा क्षेत्र में डायवर्जन से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नरकोटा ब्रिज के लिए फैब्रिकेशन की जांच और गुणवत्ता परीक्षण के संबंध में संबंधित अधिकारियों को तत्काल स्थलीय निरीक्षण करने को कहा। इसके साथ ही पुल से जुड़े शेष सिविल कार्यों को भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।
हर सप्ताह देनी होगी कार्यों की प्रगति रिपोर्ट
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सभी संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को परियोजनाओं के लिए साप्ताहिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सप्ताह निर्धारित लक्ष्यों के मुकाबले हुई प्रगति और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
उन्होंने जोर दिया कि नियमित समीक्षा के माध्यम से निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं की पहचान कर उनका समयबद्ध समाधान किया जाए। बैठक में सचिव रविनाथ रमन, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, अपर सचिव विनीत कुमार, आरवीएनएल के सीपीएम हिमांशु बडोनी, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के क्षेत्रीय अधिकारी पंकज सिंह तथा बीआरओ के अधिकारियों सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

