मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगा में छोड़े 10 हजार मत्स्य बीज, जलीय जैव विविधता के संरक्षण पर दिया जोर
हरिद्वार के अमरापुर घाट पर विश्व मात्स्यिकी दिवस के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने की शिरकत, गंगा की स्वच्छता और प्राकृतिक मत्स्य संपदा बचाने की अपील
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर हरिद्वार के अमरापुर घाट पर आयोजित कार्यक्रम में गंगा नदी में 10 हजार मत्स्य बीजों का संचयन किया। मत्स्य विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य गंगा की प्राकृतिक मत्स्य संपदा का संरक्षण एवं संवर्धन करना, जलीय जैव विविधता को बढ़ावा देना और नदी के पारिस्थितिक संतुलन के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मां गंगा केवल हमारी आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधनों का भी महत्वपूर्ण आधार हैं। गंगा की निर्मलता, अविरलता और प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों में पाए जाने वाले जलीय जीवों और प्राकृतिक मत्स्य संपदा का संरक्षण पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी है। इसके लिए नदियों में उपयुक्त प्रजातियों के मत्स्य बीजों का संचयन एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे जलीय पारिस्थितिकी के संरक्षण के साथ-साथ मत्स्य संसाधनों के सतत विकास को भी प्रोत्साहन मिलता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के लिए लगातार प्रयास कर रही है। गंगा सहित प्रदेश की अन्य नदियों की जैव विविधता को सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से मां गंगा सहित प्रदेश की सभी नदियों को स्वच्छ रखने, जल प्रदूषण रोकने और जलीय जीवों के प्राकृतिक आवासों के संरक्षण में सहयोग करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि हमारी नदियां और प्राकृतिक संसाधन आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण करते हुए विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, समृद्ध और पर्यावरण की दृष्टि से सुरक्षित भविष्य का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, उप जिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा, सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर शिशुपाल सिंह नेगी सहित मत्स्य विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

