News Bhadas 4 India
States

Guru Nanak Dev Ji 557th Prakash Parv 2026: CM Dhami Attends Dehradun Celebration

गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत: सीएम धामी, 557वें प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारे में टेका मत्था

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को गुरु गोविंद नगर, रेसकोर्स स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने श्री गुरु नानक देव जी को नमन करते हुए साध संगत और प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख पंथ के संस्थापक और प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने समाज में व्याप्त ऊंच-नीच, भेदभाव और अंधविश्वास के विरुद्ध आवाज उठाई और मानवता को प्रेम, समानता, भाईचारे तथा सेवा का मार्ग दिखाया। उनका संदेश था कि ईश्वर एक है और सभी मनुष्य समान हैं।

गुरु नानक देव जी की तीन प्रमुख शिक्षाओं का किया उल्लेख

सीएम धामी ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की तीन प्रमुख शिक्षाएं प्रत्येक व्यक्ति को परमात्मा का स्मरण करने, ईमानदारी से मेहनत करके आजीविका अर्जित करने और अपनी कमाई को दूसरों के साथ साझा करने की प्रेरणा देती हैं। इन सिद्धांतों को दैनिक जीवन में अपनाकर एक बेहतर और समरस समाज का निर्माण किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि सिख परंपरा में निहित ‘सरबत दा भला’ की भावना सभी के सुख और कल्याण की कामना करना सिखाती है। गुरु नानक देव जी ने संगत और लंगर की परंपरा के माध्यम से सामाजिक समानता को व्यवहार में स्थापित किया। लंगर में सभी जाति, धर्म और वर्ग के लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं, जो सामाजिक समरसता और समानता का अनूठा उदाहरण है।

सेवा और साहस की परंपरा में सिख समाज का योगदान सराहनीय

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख गुरुओं ने पूरी मानवता को समान समझने और प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान करने की प्रेरणा दी है। सिख समाज ने सेवा, साहस और समर्पण की गौरवशाली परंपरा को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा, आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों और जरूरतमंदों की सहायता में सिख समाज का योगदान अनुकरणीय है।

करतारपुर साहिब कॉरिडोर और हेमकुंड साहिब रोपवे का किया जिक्र

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सिख समाज की आस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। करतारपुर साहिब कॉरिडोर खुलने से श्रद्धालुओं के लिए दर्शन का मार्ग सुगम हुआ है।

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड का सिख परंपरा से गहरा आध्यात्मिक और ऐतिहासिक जुड़ाव है। श्री गुरु नानक देव जी की यात्राओं से जुड़ी स्मृतियां प्रदेश में आज भी श्रद्धापूर्वक संजोई जाती हैं। उत्तराखंड में स्थित श्री हेमकुंड साहिब विश्वभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गोविंदघाट से श्री हेमकुंड साहिब तक 12.4 किलोमीटर लंबे रोपवे के निर्माण को मंजूरी दी है। इसके बनने से श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुगम होगी। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं को इससे काफी सुविधा मिलेगी।

सेवा को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का किया आह्वान

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना, प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार करना और जरूरतमंदों की सहायता करना ही गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का वास्तविक अनुसरण है।

उन्होंने प्रकाश पर्व के अवसर पर सभी से सेवा को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और मानव कल्याण के लिए कार्य करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान गुरबख्श सिंह राजन, महासचिव गुलजार सिंह, बलजीत सोनी सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में साध संगत उपस्थित रही।

Related posts

UP Police SI Recruitment 2026: CM Yogi Distributes Appointment Letters to 4,543 Sub-Inspectors

bhadas4india

Bengal BJP Manish Shukla Murder Case: Kaustav Bagchi Questions Arjun Singh Over Sharing Stage With Accused

bhadas4india

Fast Track Special Courts Extension: Modi Cabinet Approves Scheme Until 2031

bhadas4india

Leave a Comment