News Bhadas 4 India
States

Infrastructure Asset Management Workshop Concludes in Dehradun

देहरादून में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला का समापन, सार्वजनिक परिसंपत्तियों के बेहतर प्रबंधन पर हुई चर्चा

सुद्धोवाला, देहरादून। सतत विकास के लिए अवसंरचना परिसंपत्ति प्रबंधन विषय पर आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय पीयर लर्निंग कार्यशाला का समापन हो गया। कार्यशाला में भारत सहित विभिन्न देशों के विशेषज्ञों और अधिकारियों ने सार्वजनिक परिसंपत्तियों के बेहतर प्रबंधन, संरक्षण और प्रभावी उपयोग को लेकर अपने अनुभव साझा किए।

कार्यशाला के दौरान प्राथमिकता वाली परिसंपत्तियों की पहचान, प्रदर्शन मानकों का निर्धारण, अंतर विश्लेषण और प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही विभिन्न देशों में अपनाई जा रही बेहतर कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान करने, संस्थागत एवं वित्तीय व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने और अवसंरचना परिसंपत्ति प्रबंधन योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।

अंतिम दिवस पर विभिन्न सार्वजनिक परिसंपत्तियों के लिए तैयार की गई अवसंरचना परिसंपत्ति प्रबंधन योजनाओं का प्रस्तुतीकरण किया गया। इनमें घाना के ऐतिहासिक किलों के संरक्षण के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर एसेट मैनेजमेंट प्लान, हल्द्वानी का स्टॉर्मवॉटर ड्रेनेज नेटवर्क, देहरादून की आईएसबीटी हाउसिंग सोसाइटी, राज्य की आयुष स्वास्थ्य सुविधाओं में आईटी एवं क्लिनिकल उपकरणों का प्रबंधन और देहरादून की शीशमबाड़ा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन सुविधा शामिल रही।

इसके अलावा 33/11 केवी पावर ट्रांसफार्मर और उत्तराखंड के ग्रामीण सड़क बुनियादी ढांचे से संबंधित कार्ययोजनाओं का भी प्रस्तुतीकरण किया गया। प्रत्येक योजना पर विशेषज्ञों और अन्य प्रतिभागियों ने अपने सुझाव एवं फीडबैक दिए। इन सुझावों के माध्यम से योजनाओं को अधिक व्यावहारिक और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

समापन अवसर पर अपर सचिव डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी विभागों को अपनी परिसंपत्ति प्रबंधन योजनाएं सुव्यवस्थित और मजबूत तरीके से तैयार करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिसंपत्तियों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करना आवश्यक है।

केन्या और घाना से आए विशेषज्ञों ने यूएनडीईएसए (UNDESA), सीपीपीजीजी (CPPGG) और उत्तराखंड सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की अंतरराष्ट्रीय कार्यशालाओं से विभिन्न देशों के बीच ज्ञान और अनुभव साझा करने का अवसर मिलता है। साथ ही दूसरे देशों में अपनाई जा रही बेहतर कार्यप्रणालियों को समझने और उन्हें स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार लागू करने में मदद मिलती है।

अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. मनोज पंत ने सभी प्रतिभागियों का आभार जताते हुए कहा कि पिछली कार्यशाला के दौरान तैयार की गई आठ कार्ययोजनाओं में से कुछ को धरातल पर लागू किया जा चुका है। उन्होंने परिसंपत्ति प्रबंधन के क्षेत्र में विभागों के बीच बेहतर समन्वय और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यशाला के समापन पर यूएनडीईएसए और सीपीपीजीजी की ओर से प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।

इस अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला में यूएनडीईएसए के डॉ. डेनियल प्लात्ज सहित नेपाल, श्रीलंका, भूटान, केन्या और घाना के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसके अलावा उत्तराखंड के विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी, दून विश्वविद्यालय के शहरी विकास विभाग के शिक्षक और विद्यार्थी भी शामिल हुए।

कार्यशाला के माध्यम से सार्वजनिक परिसंपत्तियों के बेहतर रखरखाव, संसाधनों के प्रभावी उपयोग और सतत विकास के लिए अंतरराष्ट्रीय अनुभवों को साझा करने का महत्वपूर्ण अवसर मिला।

Related posts

Uttarakhand Congress Nyay Yatra 2026: BJP Leader Manveer Chauhan Slams Congress

bhadas4india

Kashi Vishwanath Temple Diwali Darshan: Temple Doors to Remain Open for Devotees

bhadas4india

CM Jammu Kashmir Trending News November 11: उमर अब्दुल्ला के 5 बड़े अपडेट

bhadas4india

Leave a Comment