लोहाघाट में कांग्रेस की अंदरूनी कलह उजागर, बिशन सिंह चुफाल ने साधा निशाना
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच लोहाघाट में कांग्रेस की जनसभा को लेकर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का बदलाव का नारा महज चुनावी ढकोसला और राजनीतिक नौटंकी बनकर रह गया है। जो पार्टी प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का सपना देख रही है, वह अपने संगठन को ही एकजुट रखने में नाकाम साबित हो रही है।
लोहाघाट की जनसभा में सामने आई कांग्रेस की गुटबाजी
बिशन सिंह चुफाल ने कहा कि लोहाघाट में आयोजित कांग्रेस की जनसभा ने पार्टी की अंदरूनी कलह और टिकट की लड़ाई को सार्वजनिक कर दिया। विधानसभा क्षेत्र में टिकट के तीन दावेदारों के बीच चल रही खींचतान कार्यक्रम के दौरान खुलकर सामने आई।
उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक खुशाल सिंह अधिकारी द्वारा जिलाध्यक्ष एवं विधानसभा टिकट के दावेदार मुन्ना ढेक को मंच पर जगह नहीं दिए जाने से नाराजगी पैदा हुई। कार्यक्रम के बाद विधायक के खिलाफ नारेबाजी हुई और मुन्ना ढेक तथा विधायक के बीच तीखी गहमागहमी देखने को मिली। हालात ऐसे बने कि प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा को भी नाराजगी जाहिर करनी पड़ी।
चुफाल ने कहा कि जिस जनसभा को भाजपा सरकार के खिलाफ शक्ति प्रदर्शन के रूप में पेश किया जा रहा था, वह कांग्रेस की आपसी खींचतान और टिकट के लिए चल रही जंग का तमाशा बनकर रह गई।
प्रदेश अध्यक्ष की गैरमौजूदगी पर उठाए सवाल
भाजपा विधायक ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की जनसभा में गैरमौजूदगी को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ही महत्वपूर्ण जनसभा से नदारद रहे, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत अपनी अलग राजनीतिक गतिविधियों और सियासी एजेंडे में व्यस्त हैं।
उन्होंने विधायक हरीश धामी के विवादित आचरण को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। चुफाल ने कहा कि लोहाघाट में टिकट के दावेदार एक-दूसरे को मंच पर जगह देने तक को तैयार नहीं हैं। पार्टी के नेता संगठन को मजबूत करने के बजाय अपना राजनीतिक वजूद बचाने में लगे हैं।
उन्होंने सवाल किया कि जो पार्टी अपना घर नहीं संभाल पा रही, वह उत्तराखंड को कैसे संभालेगी?
जौलजीबी मेले के घटनाक्रम पर भी कांग्रेस को घेरा
बिशन सिंह चुफाल ने धारचूला विधायक हरीश धामी से जुड़े जौलजीबी मेले के घटनाक्रम पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक ने ऐतिहासिक और अंतरराष्ट्रीय महत्व के मेले को अपनी राजनीतिक हठधर्मिता का अखाड़ा बना दिया।
उन्होंने कहा कि माइक को लेकर हुए विवाद के दौरान मंच पर हंगामा हुआ और सरकारी कर्मचारियों के साथ अभद्रता के आरोप सामने आए। माइक और कुर्सियां फेंकने जैसी घटनाओं ने जनप्रतिनिधि पद की गरिमा को प्रभावित किया।
चुफाल ने कहा कि जनप्रतिनिधि का काम जनता की आवाज उठाना है, न कि अपनी जिद और अहंकार के लिए सार्वजनिक आयोजन की मर्यादा को ताक पर रख देना। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक विरोध के बजाय राजनीतिक दबंगई का प्रदर्शन बताया।
हरीश धामी समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर का जिक्र
डीडीहाट विधायक ने कहा कि जौलजीबी प्रकरण में हरीश धामी समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके बावजूद कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।
उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल से सवाल किया कि क्या कांग्रेस ऐसे आचरण का समर्थन करती है? क्या पार्टी में अनुशासन नाम की कोई चीज बची है? दूसरों को लोकतंत्र का उपदेश देने वाले कांग्रेस नेता अपने ही विधायक के आचरण पर जवाब देने से क्यों बच रहे हैं?
बेरोजगारी और पलायन के मुद्दों पर भी साधा निशाना
चुफाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता बेरोजगारी, पलायन, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे मुद्दों पर घड़ियाली आंसू बहाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस को जनता की याद आने लगी है, लेकिन पार्टी के भीतर टिकट को लेकर अभी से खींचतान शुरू हो गई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की प्राथमिकता जनसेवा नहीं, बल्कि सत्ता और टिकट हासिल करना बन गई है। जनता से जुड़े मुद्दे पीछे छूट रहे हैं और नेताओं की व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाएं हावी होती जा रही हैं।
चुफाल ने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने संगठन की स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। पार्टी में नेतृत्व, अनुशासन और एकजुटता का अभाव साफ दिखाई दे रहा है। ऐसे में बदलाव का नारा देने से पहले कांग्रेस को अपने भीतर चल रहे विवादों का समाधान करना चाहिए।

