PRD जवानों पर लाठीचार्ज को लेकर गणेश गोदियाल का धामी सरकार पर हमला, बोले- लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन
देहरादून। उत्तराखंड में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के जवानों पर पुलिस लाठीचार्ज का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने देहरादून में जवानों पर हुए लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अपनी जायज मांगों को लेकर आवाज उठाने वाले कर्मचारियों, युवाओं और महिलाओं पर पुलिस बल का इस्तेमाल करना सरकार की दमनकारी सोच को दर्शाता है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह के माध्यम से जारी बयान में गणेश गोदियाल ने कहा कि PRD जवान लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। इसके बावजूद सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है।
प्रदेश की व्यवस्था में अहम भूमिका निभाते हैं PRD जवान
गणेश गोदियाल ने कहा कि PRD जवान प्रदेश की कानून व्यवस्था बनाए रखने, यातायात प्रबंधन, आपदा प्रबंधन और विभिन्न सरकारी विभागों में अपनी सेवाएं देते हैं। राज्य की व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने में इन जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि इसके बावजूद जवानों के भविष्य, रोजगार की सुरक्षा, नियमित ड्यूटी और सम्मानजनक पारिश्रमिक जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार की उदासीनता समझ से परे है। लंबे समय से अपनी मांगें उठाने के बावजूद उन्हें उचित समाधान नहीं मिल पा रहा है।
शांतिपूर्ण आंदोलन करना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकार है। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह आंदोलन कर रहे लोगों से बातचीत करे और उनकी समस्याओं का समाधान निकाले।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संवाद स्थापित करने के बजाय लाठीचार्ज का रास्ता अपना रही है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रदेश की सेवा करने वाले जवानों को अपनी ही सरकार के सामने न्याय की गुहार लगाने के लिए पुलिस की लाठियां खानी पड़ रही हैं।
राज्य आंदोलन की भावना के विपरीत है लाठीचार्ज
गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन जनसंघर्षों, आंदोलनकारियों के त्याग और बलिदान के परिणामस्वरूप हुआ है। ऐसे प्रदेश में अपने अधिकारों और मांगों के लिए संघर्ष कर रहे लोगों पर बल प्रयोग करना राज्य निर्माण की मूल भावना के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि सरकार को यह समझना चाहिए कि आंदोलनकारियों की आवाज दबाने से उनकी समस्याएं समाप्त नहीं होतीं। लाठीचार्ज जैसी कार्रवाई से जनता और सरकार के बीच अविश्वास बढ़ता है।
कांग्रेस ने की निष्पक्ष जांच और मुआवजे की मांग
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार से PRD जवानों पर हुए लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई होनी चाहिए।
इसके साथ ही घायल जवानों को बेहतर उपचार और उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सरकार से PRD जवानों की मांगों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय लेने और उनके रोजगार, सेवा सुरक्षा तथा सम्मानजनक भविष्य को सुनिश्चित करने की अपील की।
PRD जवानों के संघर्ष के साथ खड़ी है कांग्रेस
गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस PRD जवानों के न्यायोचित संघर्ष में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने सरकार से दमनकारी रवैया छोड़कर संवेदनशीलता के साथ जवानों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि सरकार को लाठी के दम पर आवाज दबाने के बजाय बातचीत का रास्ता अपनाना चाहिए। जवानों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर उन्हें न्याय देना सरकार की जिम्मेदारी है।

