श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले का CM धामी ने किया शुभारंभ, साइंस सिटी और हेली सेवा की घोषणा
पंचप्रयाग और धारी देवी मंदिर के पास बनेंगे आधुनिक घाट, श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द शुरू होगी हेली सेवा
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने पारंपरिक ढोल-दमाऊं, पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मेले में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पारंपरिक सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक भी पीसा।
श्रीनगर में विकसित होगी साइंस सिटी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में श्रीनगर के धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि अलकनंदा नदी के तट पर बसा श्रीनगर उत्तराखंड की महत्वपूर्ण सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान है। कमलेश्वर महादेव मंदिर हमारी समृद्ध धार्मिक आस्था और पौराणिक परंपराओं का प्रमुख केंद्र है।
मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में साइंस सिटी विकसित करने की घोषणा की। इसके साथ ही पंचप्रयाग और धारी देवी मंदिर के समीप आधुनिक घाटों का निर्माण कराने की बात कही। उन्होंने बताया कि श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द ही हेली सेवा शुरू की जाएगी। इससे क्षेत्र में आवागमन को सुविधाजनक बनाने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। केदारखंड मंदिर माला मिशन, मानसखंड मंदिर माला मिशन और अन्य योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का विकास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में होगी वृद्धि
मुख्यमंत्री ने मातृशक्ति के कल्याण और सशक्तीकरण को सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर 2026 से वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है। सरकार महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है।
पांच साल में 36 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार और नकल माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है और सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि सरकार के प्रयासों से पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। इसके अलावा सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए भी प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास और विरासत के संकल्प के साथ उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने की दिशा में काम कर रही है।
श्रीनगर में 200 करोड़ की सीवर लाइन परियोजना पर काम
मुख्यमंत्री ने श्रीनगर क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि यहां लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से सीवर लाइन परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
क्षेत्र में पैरामेडिकल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। मंडी-चौरास-जाखणी पंपिंग पेयजल योजना पर लगभग 37 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
इसके अलावा राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज श्रीनगर में आवासीय बालक छात्रावास का निर्माण किया जा रहा है। शहर में आधुनिक बस स्टैंड और पार्किंग सुविधाओं का विकास भी किया जा रहा है। कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर सड़क के दो लेन चौड़ीकरण की प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। रेल कनेक्टिविटी का विस्तार होने से क्षेत्र में आवागमन आसान होगा। इससे पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने बताया कि बेस अस्पताल श्रीनगर में लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया गया है। नगर निगम क्षेत्र में लगभग नौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया है।
इन योजनाओं में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वर्षा जल संचयन, सड़क एवं नाली निर्माण और पार्कों का सौंदर्यीकरण जैसे कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रीनगर सहित पूरे उत्तराखंड में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं विकास के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

