सौंग और जमरानी बांध परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, मार्च 2027 तक कॉफर डैम का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सौंग और जमरानी बांध परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दोनों महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न करने की हिदायत दी।
सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने दोनों परियोजनाओं की वित्तीय और भौतिक प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने परियोजनाओं की नियमित निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए अधीक्षण अभियंता स्तर के अधिकारी को एकल बिंदु प्रभारी यानी डेडिकेटेड प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में तैनात करने के निर्देश दिए।
बांधों के आसपास पर्यटन विकास की संभावनाएं तलाशने के निर्देश
मुख्य सचिव ने कहा कि सौंग और जमरानी बांध परियोजनाओं के तहत विकसित होने वाले जलाशयों और उनके आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित करने की संभावनाओं पर काम किया जाए। इससे जल संसाधन विकास के साथ क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने और सभी तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परियोजनाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी के लिए निर्माण कार्यों के फोटो और वीडियो नियमित रूप से स्टेट प्रगति पोर्टल पर अपलोड करने को भी कहा।
जमरानी बांध का कॉफर डैम मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य
जमरानी बांध परियोजना की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने कॉफर डैम का निर्माण मार्च 2027 तक अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कंक्रीटिंग और उत्खनन कार्यों की समयसीमा स्पष्ट करते हुए विस्तृत पीईआरटी चार्ट तैयार करने को कहा।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि उत्खनन कार्य की दिनवार प्रगति और निर्धारित समयसीमा का विवरण भी चार्ट में शामिल किया जाए। यह चार्ट आगामी उच्चाधिकार प्राप्त समिति (एचपीसी) की बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा।
परियोजना के तहत अब तक कार्यालय भवन, आवासीय भवन, कॉलोनियों और सर्विस रोड सहित आधारभूत ढांचे का 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। डायवर्जन टनल का 80 प्रतिशत और क्रशिंग, बैचिंग एवं मिक्सिंग प्लांट की स्थापना का 75 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है।
वहीं, कॉफर डैम का 50 प्रतिशत तथा स्ट्रिपिंग फाउंडेशन और एबटमेंट का 40 प्रतिशत काम पूरा हुआ है। इसके अलावा 21.25 किलोमीटर नई नहर के निर्माण और 40.82 किलोमीटर नहर के रीमॉडलिंग एवं नवीनीकरण कार्य की कुल प्रगति 32.46 प्रतिशत दर्ज की गई है।
परियोजना से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और पुनर्स्थापन का 84 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार जमरानी बांध का निर्माण जून 2029 तक पूरा करने का प्रस्ताव है।
सौंग बांध परियोजना में 21 प्रतिशत भौतिक प्रगति
सौंग बांध परियोजना की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने मार्च तक निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। परियोजना को नवंबर 2024 तक पर्यावरणीय, वन एवं तकनीकी स्वीकृतियां मिल चुकी हैं।
मार्च 2024 में विशेष सहायता योजना (SASCI) के अंतर्गत परियोजना की शेष लागत 2,491.96 करोड़ रुपये के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। परियोजना के मुख्य बांध का निर्माण नवंबर 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है।
इस परियोजना के तहत 130.60 मीटर ऊंचे बांध और सहायक संरचनाओं का निर्माण किया जाना है। इसके साथ ही 150 एमएलडी क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और लगभग 88 किलोमीटर लंबी फीडर मेन भी बनाई जाएगी।
वित्तीय वर्ष 2023-24 में 88 करोड़ रुपये, 2024-25 में 140 करोड़ रुपये और 2025-26 में 173 करोड़ रुपये की धनराशि का शत-प्रतिशत उपयोग किया गया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में 39.60 करोड़ रुपये की धनराशि का भी पूर्ण उपयोग किया जा चुका है।
हालांकि, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 30 प्रतिशत भौतिक प्रगति के लक्ष्य के मुकाबले परियोजना की वास्तविक प्रगति 21 प्रतिशत दर्ज की गई है। मुख्य सचिव ने इस अंतर को ध्यान में रखते हुए कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया।
पुनर्वास और स्वीकृति से जुड़े काम पहले पूरे करने के निर्देश
मुख्य सचिव ने दोनों परियोजनाओं में पुनर्वास से संबंधित कार्यों के लिए पहले से सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि संशोधित लागत (रिवाइज्ड कॉस्ट) की मंजूरी एक ही बार में प्राप्त करने के लिए सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी कर ली जाएं।
इसके अलावा केंद्रीय जल आयोग (CWC) सहित जिन संस्थाओं से परियोजनाओं का परीक्षण या अनुमोदन कराया जाना है, उनकी प्रक्रिया भी पहले ही पूरी करने के निर्देश दिए गए। इसका उद्देश्य भविष्य में किसी भी तरह की प्रशासनिक या तकनीकी देरी को रोकना है।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, डॉ. रणवीर सिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

