मुक्तेश्वर से शुरू हुई 658 किलोमीटर की अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026, 18 राज्यों के 66 प्रतिभागी ले रहे हिस्सा
उत्तराखंड में एडवेंचर टूरिज्म को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 का शुभारंभ मुक्तेश्वर से हुआ। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने साइकिल रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस प्रतियोगिता में 18 राज्यों के साथ ही एयरफोर्स, आर्मी और ITBP के कुल 66 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतिभागियों को प्रदेश के 10 जनपदों से गुजरते हुए लगभग 658 किलोमीटर की दूरी तय करनी होगी। यह रोमांचक साइकिल यात्रा मसूरी में संपन्न होगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गर्व की बात है कि प्रदेश में इस तरह के साहसिक खेलों का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता की शुरुआत मुक्तेश्वर से होना भी विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कैबिनेट मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों को एक गुलदस्ते के रूप में जोड़कर विकास की दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं राज्य के विभिन्न क्षेत्रों को आपस में जोड़ने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देंगी।
18 राज्यों के 66 प्रतिभागी दिखाएंगे दमखम
सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि इस प्रतियोगिता के लिए कुल 80 लोगों ने पंजीकरण कराया था, लेकिन विभिन्न कारणों से 14 प्रतिभागी इसमें हिस्सा नहीं ले रहे हैं। इस तरह प्रतियोगिता में कुल 66 प्रतिभागी शामिल हुए हैं। इनमें 18 राज्यों के प्रतिभागियों के साथ एयरफोर्स, आर्मी और ITBP के सदस्य भी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि यह साइकिल रेस प्रदेश के 10 जनपदों से होकर गुजरेगी। लगभग 658 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद प्रतियोगिता का समापन मसूरी में होगा।
उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय एडवेंचर टूरिज्म हब बनाने की तैयारी
सचिव पर्यटन ने कहा कि अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 का उद्देश्य केवल साइकिलिंग प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं है, बल्कि उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एडवेंचर टूरिज्म, माउंटेन साइक्लिंग और साहसिक खेलों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
सरकार इस तरह के आयोजनों के माध्यम से खेल, पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़कर उत्तराखंड की वैश्विक पहचान मजबूत करना चाहती है।
शीतकालीन पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
इस आयोजन के जरिए उत्तराखंड में शीतकालीन पर्यटन को भी प्रोत्साहित करने की योजना है। सरकार चाहती है कि पर्यटन गतिविधियां केवल गर्मियों और चारधाम यात्रा तक सीमित न रहें, बल्कि सर्दियों में भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़े। इससे ऑफ-सीजन के दौरान होटल, होमस्टे, रिसॉर्ट और स्थानीय पर्यटन कारोबार को लाभ मिल सकेगा।
स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर
साहसिक खेलों और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। स्थानीय युवाओं को टूरिस्ट गाइड, होमस्टे संचालन, परिवहन, खानपान और अन्य पर्यटन सेवाओं से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है।
उत्तराखंड की संस्कृति और प्राकृतिक सुंदरता का होगा प्रचार
इस प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले प्रतिभागियों को उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, लोककला, खानपान और परंपराओं से परिचित होने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही हिमालयी घाटियों, जैव विविधता और प्राकृतिक सुंदरता को भी व्यापक पहचान मिलेगी। स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने और ‘लोकल फॉर वोकल’ को बढ़ावा देने की दिशा में भी यह आयोजन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कम प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों को मिलेगी पहचान
इस तरह के साहसिक आयोजनों के माध्यम से प्रदेश के उन पर्वतीय क्षेत्रों और ग्रामीण पर्यटन स्थलों को भी पर्यटन मानचित्र पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है, जो प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर होने के बावजूद अभी तक अधिक लोकप्रिय नहीं हो पाए हैं।
सरकार का मानना है कि अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज, अल्ट्रा मैराथन और एंगलिंग मीट जैसे आयोजन प्रदेश में पर्यटन की नई संभावनाएं खोलेंगे। इससे उत्तराखंड को साहसिक खेलों के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सकती है।

