News Bhadas 4 India
States

Uttarakhand CM Pushkar Singh Dhami Releases ‘Beta Himalaya Ka’ Song Highlighting State’s Development

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘बेटा हिमालय का’ गीत का किया विमोचन, उत्तराखंड की विकास यात्रा को मिलेगी नई पहचान

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में प्रदेश के विकास कार्यों और राज्य की निरंतर प्रगति को समर्पित गीत ‘बेटा हिमालय का’ का विमोचन किया। टीम उत्तराधुन द्वारा तैयार किए गए इस गीत के माध्यम से उत्तराखंड की विकास यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं को गीत-संगीत एवं आकर्षक दृश्यात्मक प्रस्तुति के जरिए दर्शाया गया है।

इस गीत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों के साथ पर्यटन के विस्तार, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के लिए बढ़ते अवसरों तथा स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है।

गीत-संगीत के माध्यम से जनता तक पहुंचेगी विकास की कहानी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गीत के निर्माण से जुड़े सभी कलाकारों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गीत-संगीत जनभावनाओं को अभिव्यक्त करने का एक सशक्त माध्यम है। इस तरह की रचनात्मक प्रस्तुतियां प्रदेश की विकास यात्रा, उपलब्धियों और संभावनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की विकास यात्रा को रचनात्मक माध्यमों से प्रस्तुत करना सराहनीय पहल है। इससे प्रदेश की सकारात्मक पहचान को आगे बढ़ाने के साथ ही राज्य में हो रहे बदलावों और विकास कार्यों की जानकारी भी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचेगी।

महिला सशक्तीकरण और युवाओं को रोजगार पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य में मातृशक्ति के सशक्तीकरण, युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और वर्ग तक पहुंचे। इसके साथ ही स्टार्टअप, नवाचार और नए अवसरों के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।

लोकसंस्कृति और स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक विरासत राज्य की विशिष्ट पहचान है। प्रदेश सरकार इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उन्हें अपनी कला के माध्यम से प्रदेश की पहचान देश-दुनिया तक पहुंचाने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

‘संकल्प नए उत्तराखण्ड का’ थीम पर आधारित है गीत

‘बेटा हिमालय का’ गीत ‘संकल्प नए उत्तराखण्ड का’ थीम पर आधारित है। इसमें उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में हो रही प्रगति और विकास की नई संभावनाओं को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।

गीत के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, प्राकृतिक विरासत और विकास के संकल्प को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया गया है। यह पहल गीत-संगीत के जरिए उत्तराखंड की सकारात्मक छवि और विकास की कहानी को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Related posts

CM Yogi Adityanath Political Statement 2026: Targets Owaisi and Chandrashekhar

bhadas4india

JP Nadda Rahul Gandhi: ‘We Did This in College’, Takes a Dig at Congress

bhadas4india

Ranbir Kapoor Ramayana Movie: Daughter Raha to Make Her Bollywood Debut?

bhadas4india

Leave a Comment