मुख्यमंत्री धामी ने विकास कार्यों के लिए दी ₹155.96 करोड़ की मंजूरी, सड़क-पुल, पार्किंग और पेयजल योजनाओं को मिलेगी रफ्तार
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विकास और जनहित से जुड़े कार्यों के लिए कुल ₹155.96 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत अवस्थापना विकास, सड़क एवं पुल निर्माण, पार्किंग सुविधाओं और पेयजल व्यवस्था से संबंधित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही कर्मचारी कल्याण से जुड़े प्रस्तावों को भी अनुमोदन प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जनपद के रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के मौलेखाल बाजार में पार्किंग निर्माण के लिए ₹591.16 लाख की धनराशि स्वीकृत की है। इस कार्य के लिए पेयजल निगम को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। वहीं, चंपावत जनपद के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड में मल्टीलेवल पार्किंग एवं अन्य निर्माण कार्यों के लिए ₹998.55 लाख की मंजूरी दी गई है।
पिथौरागढ़ जनपद के मूनाकोट विकासखंड में कुसेरी बैंड से सिलौनी मोटर मार्ग के डीबीएम और बीसी के माध्यम से अपग्रेडेशन कार्यों के लिए ₹199.17 लाख स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, उत्तरकाशी जनपद के भटवाड़ी विकासखंड में उत्तरकाशी-धनसाली-तिलवाड़ा मोटर मार्ग (एसएच-15) के किलोमीटर 12 में दो लेन के सेतु निर्माण के लिए ₹409.23 लाख की स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना के तहत मौजूदा क्लास-बी पुल को क्लास-ए में उच्चीकृत किया जाएगा।
पिथौरागढ़ जनपद के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में डंगोली-हरवाड़-वालीघाट-दफौड़-धर्मघर-कोटमन्या-पंखू-थल-सातसिलिंग मोटर मार्ग (एसएच-60) पर भी कई पुलों के उच्चीकरण को मंजूरी दी गई है। मार्ग के चेनज 154.990 पर मोटर पुल को क्लास-बी से क्लास-ए में उच्चीकृत करने के लिए ₹501.17 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
इसी मार्ग पर चेनज 134.950 में मोटर पुल के उच्चीकरण के लिए ₹159.73 लाख तथा चेनज 171.740 पर 45 मीटर स्पान वाले मोटर पुल के उच्चीकरण के लिए ₹463.21 लाख की धनराशि मंजूर की गई है।
इसके अलावा पिथौरागढ़ जनपद के गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र में डंगोली-सैलानी-ददिमखेत-धर्मघर-कोटमन्या-पंखू-थल-सातसिलिंग मोटर मार्ग (एसएच-60) के किलोमीटर 127 पर पहले से निर्मित क्लास-बी पुल के स्थान पर 53 मीटर लंबाई का दो लेन क्लास-ए लोडिंग पुल बनाया जाएगा। इसके निर्माण के लिए ₹725.45 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
टिहरी गढ़वाल जनपद के धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र में लालूरी-घियाकोटी-क्यार्दा की चाली मिसिंग लिंक मोटर मार्ग के निर्माण के लिए ₹176.85 लाख मंजूर किए गए हैं। इस कार्य में हिल साइड कटिंग भी शामिल है।
पौड़ी गढ़वाल जनपद के चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के पोखड़ा विकासखंड में कोट मल्ला से कोट तत्ला-कंडिया-कुलासू-रीठाखाल मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण और सुधारीकरण के लिए ₹376.90 लाख की स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना के तहत पांच किलोमीटर लंबी सड़क का कार्य किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने ऊधमसिंह नगर जनपद के सितारगंज विधानसभा क्षेत्र में भी सड़क निर्माण से जुड़े दो कार्यों को मंजूरी दी है। राज्य योजना के अंतर्गत ग्राम गोविंदनगर में पड़ागांव चौराहे से आबादी क्षेत्र होते हुए जंगल सीमा तक मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए ₹90.41 लाख स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, ग्राम टैगोर नगर में जेल कैंप मुख्य मार्ग से हरेंद्र मंडल के घर होते हुए सिंचाई नहर की पुलिया तक मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए ₹90.61 लाख की धनराशि मंजूर की गई है।
पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से देहरादून और हरिद्वार में भी महत्वपूर्ण कार्यों को स्वीकृति दी गई है। देहरादून परिक्षेत्र की रायपुर शाखा के अंतर्गत अधिक पेयजल खपत वाले वार्डों में जल संयोजनों पर घरेलू मैकेनिकल वाटर मीटर क्लास-बी लगाने के लिए ₹349.59 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इसी तरह हरिद्वार परिक्षेत्र की हरिद्वार शाखा के लिए ₹464.77 लाख की धनराशि मंजूर की गई है।
मुख्यमंत्री ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रदेश में स्वैच्छिक एवं आंशिक चकबंदी को प्रोत्साहित करने के लिए नई मद खोले जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इसके साथ ही राज्य आकस्मिकता निधि से ₹100 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है।
कर्मचारी कल्याण के तहत मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार और राज्य के स्वायत्त निकायों एवं उपक्रमों के उन कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में वृद्धि को भी अनुमोदन दिया है, जो छठे केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुसार वेतन एवं भत्ते प्राप्त कर रहे हैं। इन कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 1 जुलाई 2026 से 262 प्रतिशत से बढ़ाकर 269 प्रतिशत कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री के इन फैसलों से प्रदेश में सड़क संपर्क व्यवस्था मजबूत होने, पुलों की क्षमता बढ़ने, पार्किंग सुविधाओं का विस्तार होने और पेयजल प्रबंधन में सुधार की उम्मीद है। साथ ही चकबंदी को प्रोत्साहन और कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में वृद्धि से भी संबंधित लोगों को लाभ मिलेगा।

