उत्तराखंड में 28 नवंबर को 300 स्थानों पर होगी मॉक ड्रिल, सभी 13 जिलों में एक साथ चलेगा अभियान
देहरादून। उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने के लिए 28 नवंबर को राज्यव्यापी मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ के अवसर पर आपदा प्रबंधन दिवस के तहत प्रदेश के सभी 13 जनपदों में यह अभ्यास किया जाएगा। राज्य से लेकर तहसील स्तर तक आयोजित होने वाली इस मॉक ड्रिल में लगभग 250 से 300 स्थानों पर एक साथ विभिन्न आपदाओं और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया जाएगा। राज्य में पहली बार इतने बड़े स्तर पर एक साथ मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है।
मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में ओरिएंटेशन एवं कोऑर्डिनेशन कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें संबंधित विभागों, जनपदों और अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में मॉक ड्रिल की तैयारियों, विभिन्न विभागों की भूमिका, जिम्मेदारियों और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
28 नवंबर को सभी जिलों में होगा व्यापक अभ्यास
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता को यादगार बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रत्येक वर्ष 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस के रूप में मनाए जाने की घोषणा की है। इसी क्रम में 25 नवंबर से 28 नवंबर तक पूरे प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 25 नवंबर को सभी जनपदों में टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। इसमें विभिन्न आपदा परिदृश्यों को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग अपनी भूमिका, उपलब्ध संसाधनों, आपातकालीन संचार व्यवस्था, राहत एवं बचाव कार्यों और आपसी समन्वय का अभ्यास करेंगे। इसके बाद 28 नवंबर को लगभग 250 से 300 स्थानों पर एक साथ मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।
भूकंप से लेकर बाढ़ और टनल दुर्घटना तक का होगा अभ्यास
मॉक ड्रिल में उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों और आपदा संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए कई तरह की आपातकालीन परिस्थितियों को शामिल किया जाएगा। इनमें ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF), बादल फटना, अचानक बाढ़, भूकंप, भूस्खलन, हिमस्खलन, अतिवृष्टि, नदियों का जलस्तर बढ़ना और बाढ़ जैसी परिस्थितियां शामिल हैं।
इसके अलावा जंगल की आग, टनल दुर्घटना, सड़क हादसे, बड़ी संख्या में यात्रियों के फंसने, हेलीकॉप्टर की आपातकालीन लैंडिंग, भवन ढहने, औद्योगिक दुर्घटना, आगजनी, बांध या जलाशय से अचानक पानी छोड़े जाने, विद्युत दुर्घटना, रासायनिक दुर्घटना और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भगदड़ जैसी घटनाओं से निपटने का अभ्यास भी किया जाएगा।
एसडीआरएफ, पुलिस और एनडीआरएफ सहित कई विभाग होंगे शामिल
सचिव विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को मॉक ड्रिल पूरी गंभीरता से आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस अभ्यास में एसडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग, पेयजल, विद्युत विभाग और नगर निकायों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही एनडीआरएफ, आईटीबीपी, एनसीसी, एनएसएस, आपदा मित्र, स्वयंसेवी संस्थाओं और स्थानीय समुदायों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा, ताकि आपदा की स्थिति में सभी एजेंसियां बेहतर तालमेल के साथ काम कर सकें।
आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता की होगी जांच
विनोद कुमार सुमन ने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य केवल राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन करना नहीं है, बल्कि आपदा के दौरान सरकारी तंत्र की वास्तविक तैयारियों और कार्यक्षमता को परखना है।
इस अभ्यास के माध्यम से सूचना मिलने से लेकर राहत एवं बचाव दलों की तैनाती, आपातकालीन संचार व्यवस्था, घटनास्थल पर कमांड एवं नियंत्रण, घायलों का उपचार, सुरक्षित निकासी और राहत सामग्री की उपलब्धता जैसी व्यवस्थाओं की जांच की जाएगी। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता का भी आकलन किया जाएगा।
सिल्क्यारा रेस्क्यू अभियान से मिली सीख को जमीन पर उतारने की तैयारी
सचिव ने कहा कि सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान ने साबित किया कि कठिन से कठिन आपदा परिस्थितियों में भी मजबूत समन्वय, आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञता, त्वरित निर्णय और टीमवर्क के माध्यम से लोगों की जान बचाई जा सकती है।
28 नवंबर को आयोजित होने वाली मॉक ड्रिल इसी अनुभव और सीख को पूरे प्रदेश में व्यवहारिक रूप से लागू करने का अवसर है। इससे उत्तराखंड की आपदा प्रबंधन और राहत एवं बचाव व्यवस्था को और अधिक सक्षम, तत्पर एवं प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि आपदा प्रबंधन दिवस के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और मॉक ड्रिल को गंभीरता से लें तथा प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि आपदा से पहले तैयारी, आपदा के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया और आपदा के बाद प्रभावी पुनर्बहाली की व्यवस्था को मजबूत करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

