विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आगाज, दून स्ट्राइकर्स और किंग राइडर ने दर्ज की शानदार जीत
देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का उत्साह और खेल भावना के बीच भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए दोनों लीग मुकाबलों में दून स्ट्राइकर्स और दून किंग राइडर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। दून स्ट्राइकर्स ने सात विकेट से, जबकि दून किंग राइडर ने आठ विकेट से मुकाबला अपने नाम किया।
पहले मुकाबले में दून स्ट्राइकर्स की सात विकेट से जीत
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला दून स्ट्राइकर्स और दून ब्लास्टर्स के बीच खेला गया। टॉस जीतकर दून स्ट्राइकर्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी दून ब्लास्टर्स की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई और नियमित अंतराल पर उसके विकेट गिरते रहे।
दून ब्लास्टर्स की ओर से हिमांशु बरमोला ने 29 रन और अंबुज शर्मा ने 25 रन बनाकर टीम को संभालने का प्रयास किया। इसके बावजूद टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 133 रन ही बना सकी। दून स्ट्राइकर्स की ओर से सोबन गुसाईं और अजय राणा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो-दो विकेट हासिल किए।
134 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दून स्ट्राइकर्स ने आक्रामक शुरुआत की। अमित शर्मा ने 40 रन और कप्तान योगेश शैली ने 20 रन का योगदान दिया। बीच में कुछ विकेट गिरने से मुकाबला रोमांचक हो गया, लेकिन दून स्ट्राइकर्स ने 18.1 ओवर में सात विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
दून ब्लास्टर्स की ओर से हिमांशु बरमोला ने तीन विकेट लिए। शानदार हरफनमौला प्रदर्शन के लिए सोबन गुसाईं को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में किंग राइडर ने आठ विकेट से मारी बाजी
दिन का दूसरा मुकाबला दून सुपर किंग्स और दून किंग राइडर के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दून सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पहली ही गेंद पर अपना विकेट गंवा दिया। इसके बाद लगातार विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा और पूरी टीम 11.5 ओवर में महज 57 रन बनाकर सिमट गई।
दून सुपर किंग्स की ओर से मनवर रावत ने 24 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को इस स्कोर तक पहुंचाया। दून किंग राइडर की ओर से कप्तान सुनील कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके, जबकि साकेत पंत और योगेश सेमवाल ने दो-दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दून किंग राइडर ने तेज बल्लेबाजी की और महज 5.1 ओवर में दो विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। मनमोहन शर्मा ने सर्वाधिक 17 रन बनाए। दून सुपर किंग्स की ओर से कप्तान सुरेंद्र डसीला और मनवर रावत ने एक-एक विकेट लिया। शानदार गेंदबाजी के लिए सुनील कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
अतिथियों ने किया प्रतियोगिता का उद्घाटन
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी और विशिष्ट अतिथि समाजसेवी देव रतूड़ी तथा सीआईएमएस के चेयरमैन ललित जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों ने सभी टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं है, बल्कि वरिष्ठ पत्रकार और साथी स्वर्गीय विकास धूलिया की स्मृतियों को जीवंत रखने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि विकास धूलिया ने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई थी। उनके साथ बिताए गए पल और उनकी स्मृतियां हमेशा सभी के लिए अविस्मरणीय रहेंगी। इस आयोजन के माध्यम से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का जीवन काफी व्यस्तता और चुनौतियों से भरा होता है। दिनभर खबरों की भागदौड़, जिम्मेदारियों और दबाव के बीच कई बार पत्रकार अपने स्वास्थ्य और आपसी मेलजोल के लिए समय नहीं निकाल पाते। ऐसे में खेलकूद के आयोजन एक-दूसरे के करीब आने, तनाव कम करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का अवसर प्रदान करते हैं।
बंशीधर तिवारी ने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य पत्रकार साथियों के बीच खेल भावना, आपसी भाईचारे, अनुशासन और एकजुटता को मजबूत करना है। उन्होंने सभी टीमों और खिलाड़ियों से पूरे उत्साह के साथ खेलने की अपील करते हुए कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं, लेकिन मैदान पर खेल भावना और आपसी सम्मान सबसे महत्वपूर्ण हैं।
प्रेस क्लब अध्यक्ष ने जताया आभार
इस अवसर पर उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा ने मुख्य अतिथि बंशीधर तिवारी सहित सभी विशिष्ट अतिथियों का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अतिथियों ने अपना बहुमूल्य समय निकालकर आयोजन में पहुंचकर खिलाड़ियों और आयोजकों का उत्साह बढ़ाया।
उन्होंने प्रतियोगिता को सफल बनाने में जुटे खेल संयोजक, प्रेस क्लब की कार्यकारिणी और आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों का भी आभार जताया। टूर्नामेंट के पहले दिन दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर प्रतियोगिता को रोमांचक शुरुआत दी।

