News Bhadas 4 India
UttarakhandTrending

Uttarakhand 332 Appointment Letters: CM Dhami Gives Jobs to 332 Newly Appointed Employees

मुख्यमंत्री धामी ने 332 नव नियुक्त कार्मिकों को सौंपे नियुक्ति पत्र, सेवाभाव और संवेदनशीलता से काम करने का आह्वान

देहरादून, 05 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में आयुष विभाग के 271 तथा कर्मचारी राज्य बीमा योजना (ईएसआई) के अंतर्गत 61 एलोपैथिक फार्मेसी अधिकारियों सहित कुल 332 नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने सभी नव नियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे सेवाभाव, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करना युवाओं के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। इसके साथ ही उनके जीवन में जनसेवा की नई जिम्मेदारी भी शुरू होती है। उन्होंने कहा कि नव नियुक्त कार्मिक सरकारी दायित्व को केवल नौकरी के रूप में न देखें, बल्कि इसे समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनाएं।

उन्होंने कहा कि आयुष विभाग और कर्मचारी राज्य बीमा योजना से जुड़े कार्मिकों की भूमिका सीधे लोगों के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ी है। दूर-दराज के क्षेत्रों से उपचार के लिए सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों तक पहुंचने वाले लोगों को व्यवस्था से काफी उम्मीद होती है। ऐसे में कार्मिकों की संवेदनशीलता, तत्परता और कार्यकुशलता लोगों के भरोसे को और मजबूत करती है।

ईमानदारी और संवेदनशीलता से निभाएं जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री धामी ने नव नियुक्त कार्मिकों से कहा कि वे जहां भी अपनी सेवाएं दें, वहां अपनी कार्यशैली से उदाहरण प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने वाला प्रत्येक व्यक्ति एक उम्मीद लेकर आता है। ऐसे में कार्मिकों का सही निर्णय और ईमानदार प्रयास जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है।

उन्होंने कहा कि सरकारी सेवाओं में आने वाले युवाओं को अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाना चाहिए। सेवाभाव और संवेदनशीलता प्रशासनिक व्यवस्था को जन-केंद्रित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

पारदर्शी भर्ती व्यवस्था पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश की भर्ती व्यवस्था को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं। नकल माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ ही सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के युवाओं को उनकी मेहनत और योग्यता के आधार पर सरकारी सेवाओं में अवसर मिल रहे हैं। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। मुख्यमंत्री ने इसे पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।

उत्तराखंड को आयुष प्रदेश और ग्लोबल वेलनेस हब बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ-साथ योग, आयुर्वेद और औषधीय जड़ी-बूटियों की समृद्ध परंपरा वाला राज्य है। राज्य सरकार उत्तराखंड को मॉडल ‘आयुष प्रदेश’ और ‘ग्लोबल वेलनेस हब’ के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

प्रदेश के सभी जनपदों में आयुष सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसके साथ ही पंचकर्म सेवाओं को आधुनिक बनाया जा रहा है और आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ई-संजीवनी के माध्यम से लोगों को घर बैठे विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिल रही है। वहीं, आयुष सेतु पोर्टल भी आयुष सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के कई होमस्टे को नजदीकी आयुर्वेद चिकित्सालयों की वेलनेस सेवाओं से जोड़ा गया है। सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों और अन्य लोगों को योग, आयुर्वेद तथा पंचकर्म के माध्यम से स्वास्थ्य और मानसिक शांति का बेहतर अनुभव मिल सके।

सभी 13 जिलों में पहुंची ईएसआई योजना

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कर्मचारी राज्य बीमा योजना की स्वास्थ्य सेवाओं का भी लगातार विस्तार किया जा रहा है। पहले ईएसआई योजना प्रदेश के छह जनपदों में संचालित थी, लेकिन अब इसे सभी 13 जनपदों तक पहुंचाया गया है।

उन्होंने बताया कि रुद्रपुर में 100 बेड के ईएसआई अस्पताल का संचालन शुरू हो चुका है, जबकि हरिद्वार में 300 बेड के ईएसआई अस्पताल का निर्माण कार्य चल रहा है। काशीपुर में भी ईएसआई अस्पताल के लिए भूमि चिन्हित की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए 47 नए चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

हर व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ ही सरकार दूरस्थ क्षेत्रों तक सुविधाएं पहुंचाने पर भी लगातार काम कर रही है।

उन्होंने नव नियुक्त 332 कार्मिकों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी, सेवाभाव और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपेक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और क्षमता राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को अवसर देने के साथ उन्हें जनसेवा के माध्यम से प्रदेश के विकास से जोड़ा जाए।

Related posts

CM Pushkar Singh Dhami Ganga Aarti at Har Ki Pauri, Haridwar

bhadas4india

Neeraj Eye Treatment: Train Cancellation Disrupts 4-Year-Old’s Delhi Treatment

bhadas4india

Uttarakhand Girl Child Education: CM Dhami Honors 149 Meritorious Girls

bhadas4india

Leave a Comment