देहरादून। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) 2026 के ग्रैंड फिनाले को लेकर उत्साह चरम पर है। बृहस्पतिवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होने वाले समापन समारोह में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा अपनी लाइव प्रस्तुति देंगे। फिनाले से पहले उन्होंने उत्तराखंड के लोगों के नाम विशेष संदेश देते हुए कहा कि वे देहरादून आकर सभी गिले-शिकवे दूर करने का प्रयास करेंगे।
उत्तराखंड से बताया खास रिश्ता
मासूम शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड और यहां के लोगों से उनका विशेष जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों का प्यार और समर्थन उनके लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के मन में उनके प्रति कोई नाराजगी या शिकायत है, तो वे अपने संगीत और संवाद के माध्यम से उसे दूर करने की कोशिश करेंगे। उनका उद्देश्य फिनाले की शाम को यादगार बनाना और दर्शकों के साथ दिल से जुड़ना है।
विवादों के बीच देहरादून में प्रस्तुति
हाल के दिनों में एक विवादित घटना को लेकर मासूम शर्मा सोशल मीडिया पर चर्चा और आलोचनाओं का विषय बने थे। इसके बाद उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में विरोध के स्वर भी देखने को मिले। हालांकि गायक का कहना है कि वे सकारात्मक सोच के साथ देहरादून आ रहे हैं और दर्शकों का सम्मान करते हैं।
प्रांजल दहिया भी करेंगी परफॉर्म
UPL 2026 के समापन समारोह में लोकप्रिय कलाकार प्रांजल दहिया भी अपनी प्रस्तुति देंगी। आयोजकों के अनुसार क्रिकेट, संगीत और मनोरंजन का यह संगम फाइनल मुकाबले को और अधिक आकर्षक बनाएगा।
खेल और मनोरंजन का होगा महाकुंभ
उत्तराखंड प्रीमियर लीग का फाइनल मुकाबला पहले ही क्रिकेट प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। ऐसे में मशहूर कलाकारों की प्रस्तुति कार्यक्रम को और भव्य बनाने वाली है। आयोजकों को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में दर्शक स्टेडियम पहुंचेंगे और इस खास शाम का हिस्सा बनेंगे।

