News Bhadas 4 India
TrendingUttarakhand

Samrasta Sankalp Abhiyan: BJP Meeting Held in Dehradun for Guru Ravidas Jayanti

गुरु रविदास जयंती पर समरसता संकल्प अभियान को लेकर भाजपा की बैठक, लाल सिंह आर्य ने कार्यकर्ताओं से किया जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान

देहरादून। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में प्रस्तावित ‘समरसता संकल्प अभियान’ को लेकर देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और संगठनात्मक कार्यकर्ताओं को अभियान की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी।

बैठक में देहरादून महानगर, देहरादून ग्रामीण, हरिद्वार, ऋषिकेश, रुड़की, टिहरी और कोटद्वार क्षेत्रों के विधायक, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश टोली के पदाधिकारी, नगर निगम महापौर, नगर पालिका एवं नगर पंचायत अध्यक्षों के साथ विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान

भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर ‘समरसता संकल्प अभियान’ के चौथे चरण की यात्रा शुरू हो रही है। यह यात्रा विभिन्न राज्यों से होकर उत्तराखंड पहुंचेगी। इसका उद्देश्य केवल आयोजन करना नहीं, बल्कि संत रविदास जी के समता, सामाजिक न्याय, भाईचारे और मानवता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि यात्रा के दौरान संत समाज, समाज के विभिन्न वर्गों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों को साथ जोड़ते हुए इसका भव्य स्वागत किया जाए। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता और समानता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया था। उनके विचार आज भी सामाजिक एकता और समरसता को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।

लाल सिंह आर्य ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और संत रविदास जी के विचारों एवं उनके मानवतावादी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का काम करे। उन्होंने कहा कि समरसता संकल्प अभियान सामाजिक एकता, सम्मान और भाईचारे को मजबूत करने का व्यापक प्रयास है, जिसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है।

संत रविदास की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक: महेंद्र भट्ट

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि संत रविदास जी की शिक्षाएं आज भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं। उन्होंने समाज को समानता, सम्मान, सहयोग और भाईचारे का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि मजबूत राष्ट्र और सशक्त समाज की नींव तभी मजबूत हो सकती है, जब समाज का प्रत्येक वर्ग परस्पर सम्मान और सद्भाव के साथ आगे बढ़े।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि ‘समरसता संकल्प यात्रा’ के चौथे चरण के माध्यम से संत रविदास जी के विचारों को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से यात्रा को सफल बनाने के लिए पूरी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ काम करने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।

संत रविदास जी की 650वीं जयंती को समर्पित देशव्यापी समरसता अभियान का उद्देश्य सामाजिक एकता और सद्भाव को मजबूत करना है। अभियान के तहत विभिन्न राज्यों में यात्राओं और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से संत रविदास जी के समानता, सेवा और सामाजिक न्याय के संदेश को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलवीर घुनियाल, देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी, घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, विधायक बृजभूषण गैरोला, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, महामंत्री दीप्ति रावत, मीना गंगोला, विनोद कुमार, स्वराज विद्वान, देशराज, सुमेरचंद और ओमप्रकाश भुजवान सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ‘समरसता संकल्प अभियान’ को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया। साथ ही संत रविदास जी के समानता, सामाजिक न्याय, मानवता और भाईचारे के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया।

Related posts

Sahibganj ASI Assault Case 2026: Police Officer Tied to Electric Pole and Beaten, Suspended

bhadas4india

Dhruv Rathee Defamation Case: Saket Court Summons Posted at Gurugram Home

bhadas4india

Ajay Rai vs Mamata Chaudhary: Congress Leaders’ Dispute Escalates in UP

bhadas4india

Leave a Comment