News Bhadas 4 India
States

Uttarakhand Government 5 Year Report Card: CM Dhami Highlights Key Achievements

उत्तराखंड सरकार के पांच साल का रिपोर्ट कार्ड जारी, CM धामी ने शिक्षा, रोजगार और महिला सशक्तीकरण की गिनाईं उपलब्धियां

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को आईएसबीटी, देहरादून स्थित एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सरकार के पांच वर्षों के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, किसान कल्याण, पर्यटन, उद्योग, निवेश, ऊर्जा, आधारभूत सुविधाओं, कानून व्यवस्था और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों में सरकार की उपलब्धियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में उत्तराखंड ने विकास के कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। सरकार ने केवल योजनाएं बनाने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन और आम लोगों तक लाभ पहुंचाने पर भी विशेष ध्यान दिया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र एवं राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तराखंड का निर्माण सरकार का लक्ष्य है।

36 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।

मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन और जापानी भाषा का प्रशिक्षण देने के लिए प्रदेश में 158 केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। अक्टूबर 2026 तक 106 युवाओं को विदेश में रोजगार प्राप्त हुआ है।

मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के पहले चरण में 11 हजार छात्र-छात्राओं को निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग से जोड़ने की प्रक्रिया भी चल रही है।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने वाला पहला राज्य बना उत्तराखंड

शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के माध्यम से 21 हजार से अधिक विद्यार्थियों को लाभान्वित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बन चुका है। इसके साथ ही देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है।

3.10 लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी

महिला सशक्तीकरण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। राज्य में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

देवभूमि परिवार योजना के तहत महिलाओं को परिवार के मुखिया के रूप में मान्यता दी गई है। महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 5.19 लाख से अधिक महिलाओं को संगठित किया गया है। इसके तहत 70,767 स्वयं सहायता समूह गठित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए शुरू किए गए हाउस ऑफ हिमालयाज का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इसकी बिक्री छह करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है।

नंदा गौरा योजना से चार लाख से अधिक बेटियों को लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। अक्टूबर 2026 तक चार लाख से अधिक बेटियों को इस योजना का लाभ मिल चुका है।

सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत लगभग 10 लाख लाभार्थियों को हर महीने करीब 148 करोड़ रुपये की धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है।

किसानों को तीन लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण

किसान कल्याण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत आठ लाख से अधिक किसानों के खातों में तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि मंडुआ की खरीद के लिए 5,200 रुपये प्रति कुंतल की दर निर्धारित की गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में खेती को प्रोत्साहित करने के लिए पॉलीहाउस निर्माण हेतु 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

इसके अलावा एप्पल, कीवी और ड्रैगन फ्रूट मिशन के माध्यम से बागवानी को बढ़ावा दिया जा रहा है। महक क्रांति के तहत सुगंधित फसलों की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। स्थानीय उत्पादों को जीआई टैग के माध्यम से नई पहचान दिलाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास, जनकल्याण और सुशासन को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है। शिक्षा, रोजगार, महिला सशक्तीकरण और किसान कल्याण के साथ-साथ पर्यटन, उद्योग, निवेश, ऊर्जा और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में भी योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने दोहराया कि केंद्र सरकार के सहयोग और प्रदेशवासियों की भागीदारी से उत्तराखंड को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाने का लक्ष्य हासिल करने की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।

कार्यक्रम में राज्य सरकार के पांच वर्षों के कार्यों और विभिन्न क्षेत्रों में किए गए प्रयासों को रिपोर्ट कार्ड के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।

Related posts

Char Dham Project Land Acquisition: Chief Secretary Sets 15-Day Deadline for Pending Cases

bhadas4india

Uttarakhand Free Trade Agreements: New Global Market Opportunities for MSMEs

bhadas4india

Uttarakhand SLBC Meeting: Chief Secretary Anand Bardhan Issues Key Banking and Cybercrime Directions

bhadas4india

Leave a Comment