अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर सियासत तेज, परिवार संग रामलला के करेंगे दर्शन, बीजेपी ने कसा तंज
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले अयोध्या को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अपने परिवार के साथ अयोध्या जाने की तैयारी में हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक, अखिलेश यादव 12 दिसंबर को पत्नी डिंपल यादव, बेटे और बेटी के साथ अयोध्या पहुंचेंगे। इस दौरान वह हनुमानगढ़ी मंदिर में बजरंगबली के दर्शन करेंगे और राम जन्मभूमि पहुंचकर रामलला के सामने शीश नवाएंगे। इसके अलावा वह अयोध्या के साधु-संतों और महंतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद भी लेंगे।
सपा नेता और पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय ने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे की जानकारी दी है। उनके मुताबिक, यह पूरी तरह धार्मिक यात्रा होगी। हालांकि, इस दौरे की घोषणा के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी शुरू हो गई है। बीजेपी ने अखिलेश यादव की रामभक्ति और अयोध्या यात्रा के समय को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
अखिलेश यादव ने अयोध्या के लिए किए बड़े चुनावी वादे
अयोध्या दौरे से पहले अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के जरिए शहर के विकास और धार्मिक व्यवस्थाओं को लेकर कई बड़े वादे किए हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अयोध्या की गरिमा और सम्मान को दोबारा स्थापित किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने राम मंदिर में कथित चंदा चोरी और अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए मंदिर व्यवस्था में पारदर्शिता लाने की बात कही। उनका कहना है कि श्रद्धालुओं का भरोसा बहाल करने के लिए मंदिर प्रबंधन की व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाएगा।
उन्होंने अयोध्या को विश्वस्तरीय सुविधाओं से जोड़कर सनातन तीर्थाटन की वैश्विक राजधानी बनाने का संकल्प भी जताया। इसके लिए बेहतर सड़क, आधारभूत ढांचे और पर्यटन सुविधाओं के विकास का वादा किया है।
नाविकों और स्थानीय कारोबारियों के लिए भी किया ऐलान
सपा प्रमुख ने अयोध्या के पारंपरिक नाविकों को रोजगार से जोड़ने की बात कही है। उन्होंने भगवान राम और निषादराज के संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि अयोध्या में पारंपरिक नौकायन को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे स्थानीय नाविकों और उनके परिवारों को आर्थिक लाभ मिल सके।
इसके साथ ही उन्होंने अयोध्या में बाहरी ठेकेदारों के प्रभाव को समाप्त करने और जमीन की खरीद-फरोख्त से जुड़े मामलों की जांच कराने का वादा किया है। अखिलेश ने सर्किल रेट में कथित गड़बड़ी और जमीन से जुड़े घोटालों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात भी कही।
उन्होंने राशन कार्ड धारकों को तेल और घी उपलब्ध कराने का वादा किया। साथ ही धार्मिक आस्थाओं, देवी-देवताओं और महापुरुषों का अपमान करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की बात कही।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अखिलेश पर साधा निशाना
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अखिलेश यादव की रामभक्ति पर सवाल उठाए।
पंकज चौधरी ने कहा कि अगर अखिलेश यादव का अयोध्या जाना कोई नया राजनीतिक पैंतरा नहीं, बल्कि सच्चा पश्चाताप है तो उन्हें 12 दिसंबर के बजाय 6 दिसंबर को राम मंदिर जाना चाहिए। उन्होंने कारसेवकों पर हुई पुलिस फायरिंग का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश यादव से माफी मांगने की मांग की।
बीजेपी का आरोप है कि समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार के दौरान रामभक्तों पर कार्रवाई हुई थी। ऐसे में अब राम मंदिर में दर्शन करने की घोषणा को बीजेपी राजनीतिक अवसरवाद बता रही है।
2027 चुनाव से पहले अयोध्या बना सियासत का केंद्र
उत्तर प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव को देखते हुए अयोध्या एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है। बीजेपी लगातार समाजवादी पार्टी को राम मंदिर आंदोलन और कारसेवकों पर हुई पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर घेरती रही है। वहीं अखिलेश यादव मंदिर से जुड़े कथित चंदा घोटाले, जमीन की अनियमितताओं और स्थानीय लोगों के रोजगार जैसे मुद्दे उठाकर बीजेपी को चुनौती दे रहे हैं।
अखिलेश यादव का प्रस्तावित अयोध्या दौरा धार्मिक कार्यक्रम के साथ-साथ राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब देखना होगा कि इस यात्रा के दौरान अखिलेश यादव क्या संदेश देते हैं और 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अयोध्या की राजनीति किस दिशा में आगे बढ़ती है।

