टिहरी में 100 मीटर गहरी खाई में गिरी यात्री बस, 8 लोगों की मौत, 26 घायल
उत्तराखंड के टिहरी जिले में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। गूलर के पास हरिद्वार से चमोली जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गूलर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है।
जानकारी के अनुसार, यात्री बस (वाहन संख्या UK09PA-9779) हरिद्वार से चमोली की ओर जा रही थी। इसी दौरान गूलर बाजार के समीप चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस पुल से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में सवार कई यात्री अंदर ही फंस गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट ब्यासी से उपनिरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम ने मौके पर पहुंचते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए SDRF की पोस्ट ढालवाला और वाहिनी मुख्यालय से भी अतिरिक्त टीमें भेजी गईं।
निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में SDRF की टीमों ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और विषम परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू अभियान चलाया। इस दौरान स्थानीय पुलिस, प्रशासन, स्थानीय लोगों और अन्य बचाव एजेंसियों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया।
26 घायलों को स्ट्रेचर से पहुंचाया गया सड़क तक
रेस्क्यू अभियान के दौरान SDRF जवानों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए कड़ी मशक्कत की। टीम ने कुल 26 घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। दुर्गम रास्ता होने के कारण घायलों को स्ट्रेचर की मदद से सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद एंबुलेंस के माध्यम से सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
हादसे में 8 लोगों की मौत
इस भीषण दुर्घटना में 8 लोगों की जान चली गई। SDRF जवानों ने बस से मृतकों के शवों को भी बाहर निकाला और कठिन रास्ते से सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद शवों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया।
आसपास के इलाकों में भी चलाया गया सर्च ऑपरेशन
रेस्क्यू अभियान के दौरान SDRF की अलग-अलग टीमों ने घटनास्थल और आसपास के संभावित क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान भी चलाया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अन्य यात्री दुर्घटनास्थल पर फंसा न रह गया हो।
स्थानीय पुलिस, प्रशासन, SDRF, अन्य बचाव एजेंसियों और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयासों से राहत एवं बचाव अभियान पूरा किया गया। हादसे के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना अभी बाकी है।

