वन विभाग के बजट और कैंपा कार्यों की प्रमुख सचिव ने की समीक्षा, कम वित्तीय प्रगति पर जताई नाराजगी
देहरादून। उत्तराखंड में वन संरक्षण, वनीकरण, वन्यजीव प्रबंधन और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। प्रमुख सचिव वन आर.के. सुधांशु ने सचिवालय में कैंपा (CAMPA) के अंतर्गत संचालित कार्यों और वन विभाग के बजट की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के तहत जारी धनराशि, खर्च की स्थिति, लंबित कार्यों और आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव ने कैंपा एपीओ (APO) 2026-27 के तहत नवंबर से मार्च तक की कार्यान्वयन योजना की समीक्षा की। उन्होंने प्रतिपूरक वनीकरण, जल ग्रहण क्षेत्र उपचार और एकीकृत वन्यजीव प्रबंधन योजना सहित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत जारी धनराशि के सापेक्ष किए गए खर्च का विवरण मांगा।
वनाग्नि रोकथाम और फायर लाइन पर विशेष जोर
प्रमुख सचिव ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप फायर लाइन से संबंधित अद्यतन वर्क प्लान जल्द उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने वनाग्नि की रोकथाम और नियंत्रण के लिए कैंपा के तहत निर्धारित धनराशि की जानकारी लेते हुए अधिकारियों से तैयारियों का मदवार विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि वनाग्नि से निपटने के लिए समय रहते सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि जंगलों को आग से होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।
पौधरोपण और जल संरक्षण कार्यों का मांगा विवरण
प्रमुख सचिव ने Maintenance of Plantation and Nursery के अंतर्गत किन्हीं दो वन प्रभागों में चयनित कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करने को कहा। इसमें पौधरोपण और नर्सरी के रखरखाव से जुड़े खर्च का ब्यौरा भी शामिल करने के निर्देश दिए गए।
मृदा एवं जल संरक्षण (SMC) के तहत दो स्ट्रीम, एक रिवर और दो नई स्ट्रीम का प्रतिनिधि डेटा उपलब्ध कराने को कहा गया। इसके अलावा ट्रांजिट रेस्क्यू सेंटर के निर्माण को लेकर निर्देश दिए कि आवश्यक अनुमति मिलते ही निर्माण कार्य तत्काल शुरू किया जाए।
निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर आगामी सप्ताह तक अद्यतन स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
कम वित्तीय प्रगति पर जताई नाराजगी
सर्किलवार वित्तीय प्रगति की समीक्षा के दौरान कुछ सर्किलों में कम खर्च की स्थिति सामने आने पर प्रमुख सचिव ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन सर्किलों की वित्तीय प्रगति कम है, उनकी अलग-अलग रिपोर्ट तैयार की जाए और उसमें कम प्रगति के कारणों का स्पष्ट उल्लेख किया जाए।
प्रमुख सचिव ने कैंपा के अंतर्गत लंबित कार्यों और बैकलॉग की जानकारी भी ली। उन्होंने पिछले तीन वर्षों में प्राप्त धनराशि का वर्षवार विवरण उपलब्ध कराने को कहा, ताकि जारी बजट और कार्यों की वास्तविक प्रगति का आकलन किया जा सके। इसके आधार पर आगामी पांच वर्षों के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
वन विकास निगम के 236.05 करोड़ रुपये के बजट की समीक्षा
बैठक में वन विकास निगम की विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की गई। प्रमुख सचिव ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के आय-व्यय प्रबंधन और अब तक खर्च की गई धनराशि की जानकारी ली।
बैठक में बताया गया कि राज्य सेक्टर योजना के अंतर्गत शासन की ओर से 236.05 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है। इसमें से अब तक 144.63 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
प्रमुख सचिव ने निगम की आय बढ़ाने के उद्देश्य से तराई क्षेत्र के डिवीजनों के वर्क प्लान की स्थिति का समेकित विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उत्तराखंड कैंपा, केंद्र पोषित योजनाओं और वानिकी से जुड़ी अन्य योजनाओं में धनराशि के उपयोग और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लिए दो परियोजना प्रस्ताव तैयार होंगे
राज्य पोषित पूंजीगत योजना के तहत वनीकरण एवं संरक्षण मद की समीक्षा करते हुए प्रमुख सचिव ने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लिए निर्धारित 10 प्रतिशत धनराशि के उपयोग को लेकर दो परियोजना प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
वन्यजीव प्रबंधन के अंतर्गत गोहरी रेंज में चौरासी कुटिया के पुनरोद्धार कार्य की समीक्षा के लिए आगामी सप्ताह में अलग से बैठक आयोजित करने को कहा गया।
इसके अलावा पौड़ी जनपद के यमकेश्वर क्षेत्र में कोड़िया-किमसार-गंगा भोगपुर मोटर मार्ग से संबंधित वन मार्ग कार्यों के लिए अवशेष किस्त की धनराशि की मांग जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
इको-टूरिज्म और पर्यटन सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा
प्रमुख सचिव ने वनों की सुरक्षा, प्रबंधन, वनीकरण और संरक्षण से संबंधित कार्यों को एकीकृत करते हुए समन्वित कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने इको-टूरिज्म के तहत अवस्थापना विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और आगामी 10 दिनों के भीतर इसकी प्रारंभिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि लोकार्ट से बिनसर महादेव वन क्षेत्र तक ट्रेक रूट, ट्रेल ओपनिंग, कैंपिंग स्थल और पक्षी आधारित पर्यटन से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। इस पर प्रमुख सचिव ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
मानव-वन्यजीव संघर्ष में राहत राशि बढ़ाने का प्रस्ताव बनेगा
बैठक में मानव-वन्यजीव संघर्ष से प्रभावित लोगों को दी जाने वाली राहत राशि में वृद्धि के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। प्रमुख सचिव ने राहत राशि बढ़ाने के संबंध में प्रस्ताव तैयार करने को कहा।
उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से हाल ही में बढ़ाई गई आपदा राहत राशि के प्रावधानों का परीक्षण करने और उनके अनुरूप आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
प्रमुख सचिव ने अधिकारियों से कहा कि वन संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा, वनीकरण और इको-टूरिज्म से जुड़े कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। साथ ही बजट का समयबद्ध और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ जमीन पर दिखाई दे और उत्तराखंड के वन संसाधनों का बेहतर संरक्षण हो सके।

