News Bhadas 4 India
Uttarakhand

दून विश्वविद्यालय के हॉस्टल मेस में खाने की गुणवत्ता को लेकर छात्रों का प्रदर्शन

दून विश्वविद्यालय के हॉस्टल मेस में खाने की गुणवत्ता को लेकर छात्रों का प्रदर्शन, जांच और कार्रवाई का आश्वासन

देहरादून। दून विश्वविद्यालय के अलकनंदा छात्रावास के मेस में खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर छात्र-छात्राओं ने देर रात जमकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने मेस में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए व्यवस्थाओं में सुधार और मौजूदा टेंडर को निरस्त करने की मांग की।

छात्रों का आरोप है कि शाम के नाश्ते में परोसी गई मैकरोनी में कथित तौर पर सफेद रंग का कीड़ा मिला। इसके बाद रात के भोजन में भी कथित रूप से घोंघा मिलने की बात सामने आई। घटना की जानकारी फैलने के बाद छात्राओं में आक्रोश बढ़ गया और अलकनंदा व मंदाकिनी गर्ल्स हॉस्टल की छात्राओं ने विरोध शुरू कर दिया।

धीरे-धीरे प्रदर्शन में शिवालिक छात्रावास के छात्रों समेत विश्वविद्यालय के अन्य विद्यार्थी भी शामिल हो गए। छात्रों ने मेस की साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता और खान-पान की व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।

मामले की जानकारी मिलने पर दून विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. सुलेखा डंगवाल ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित छात्रों से बातचीत की। उन्होंने छात्रों को आश्वासन दिया कि मेस में तैयार किए जा रहे भोजन की जांच कराई जाएगी और छात्रों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

छात्रों की ओर से मेस संचालन से जुड़े मौजूदा टेंडर को निरस्त करने की मांग भी उठाई गई। देर रात पुलिस की मौजूदगी में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से आश्वासन मिलने के बाद छात्रों का विरोध शांत हुआ।

छात्र आंदोलन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस देर रात तक मौके पर मौजूद रही। फिलहाल छात्रों की शिकायतों और मेस की व्यवस्थाओं को लेकर आगे की कार्रवाई का इंतजार है।

Related posts

AI for Himalayan Sustainable Development: Chief Secretary Anand Bardhan Opens National Seminar

bhadas4india

विधानसभा चुनाव 2027 : जमीनी पकड़ मजबूत जनता का पॉप्लर चेहरा होगा भाजपा प्रत्याशी

bhadas4india

Uttarakhand CM Pushkar Singh Dhami Visits Champawat, Focus on Development and Anti-Drug Campaign

bhadas4india

Leave a Comment