News Bhadas 4 India
TrendingUttarakhand

Seva Sankalp Abhiyan Krishak Rath: Ganesh Joshi Flags Off Farmers’ Chariot in Suwakholi

सुवाखोली में कृषक रथ को कृषि मंत्री गणेश जोशी ने दिखाई हरी झंडी, किसानों को बांटे कृषि यंत्र और उन्नत बीज

देहरादून, 05 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत सुवाखोली में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कृषक रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को कृषि यंत्र और विभिन्न फसलों के उन्नत किस्म के बीज वितरित किए। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक भी प्रदान किए।

उत्तराखंड में सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के साथ लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवा कार्यों से जोड़ना है। (Uttarakhand Information)

गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक करेगा कृषक रथ

कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में देश और प्रदेशभर में विभिन्न सेवा कार्य किए जा रहे हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के संकल्प के अनुरूप समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से अलग-अलग स्थानों पर शिविर आयोजित कर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे।

गणेश जोशी ने कहा कि कृषक रथ गांव-गांव जाकर किसानों को कृषि एवं कृषक कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देगा। इसके माध्यम से किसानों को केंद्र और राज्य सरकार की कृषि एवं बागवानी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किसान इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

आधुनिक खेती अपनाने पर जोर

कृषि मंत्री ने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है और आज भी बड़ी आबादी गांवों में रहकर खेती-किसानी से जुड़ी हुई है। ऐसे में किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और खेती को अधिक लाभकारी बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने तथा कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।

प्रदेश में पॉलीहाउस की स्थापना के साथ मिलेट्स, ड्रैगन फ्रूट और कीवी की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। किसानों को इन क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है। कृषि मंत्री ने कहा कि एरोमा मिशन के तहत 91 हजार किसानों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे औषधीय और सुगंधित पौधों की खेती के जरिए किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

किसानों को दी जा रही आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी

गणेश जोशी ने कहा कि कृषि विभाग की ओर से किसानों को मृदा परीक्षण, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, संतुलित उर्वरक उपयोग, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण तकनीक, फसल विविधीकरण और समेकित कीट एवं रोग प्रबंधन की जानकारी दी जा रही है।

इसके साथ ही किसानों को जलवायु परिवर्तन के अनुरूप कृषि पद्धतियां अपनाने और उत्पादन लागत कम करने के लिए आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि किसानों को केवल पारंपरिक खेती तक सीमित रहने के बजाय आधुनिक तकनीक, फसल विविधीकरण और मूल्य संवर्धन को अपनाना चाहिए। इससे किसानों के लिए आय के नए स्रोत विकसित किए जा सकते हैं।

किसानों को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प

कृषि मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के किसान नई तकनीकों और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर कृषि क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि गांव-गांव और खेत-खलिहान तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाकर किसानों को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना डबल इंजन सरकार का संकल्प है।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, निदेशक कृषि दिनेश कुमार सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे। (ganeshjoshi.co.in)

Related posts

Tanushree Dutta Mahakal Visit After Nana Patekar’s Death, Video Goes Viral

bhadas4india

CJP Leaders Saurav Das Ashutosh Ranka Case Transferred to Crime Branch

bhadas4india

Umesh Pal Murder Case Arman: 43 महीने बाद पुलिस कस्टडी में, गुड्डू मुस्लिम पर खुलेंगे राज?

bhadas4india

Leave a Comment